Bombay Stock Exchange

Sunday, July 29, 2012

मटर की कचौरी - Matar Kachori Recipe


आवश्यक सामग्री 

Ingredients for Matar Kachori

कचौरी का आटा गूथने के लिये.
  • गेहूं का आटा या मैदा - 200 ग्राम ( 2 कप )
  • नमक - स्वादानुसार ( आधा छोटी चम्मच )
  • तेल - 2 टेबल स्पून

विधि - How to make Matar Kachori

आटे को किसी बर्तन में निकाल कर, नमक और तेल डाल कर अच्छी तरह मिला लीजिये.  आधा कप पानी की सहायता से आटे को नरम गूथ लीजिये(कचौरी के आटे को ज्यादा मसले नहीं, आटा गूथे, आटा जैसे ही मिल कर एक बन जाय, तुरन्त ढक कर रख दीजिये). गूथे हुये आटे को सैट होने के लिये 20 मिनिट रख दें.
तब तक कचौरी में भरने के लिये मटर की पिठ्ठी तैयार कर लेते हैं.

आवश्यक सामग्री

  • हरी मटर - एक कप छिली हुई या( सफल फ्रोजन मटर ).
  • तेल -  2 टेबल स्पून ( पिठ्ठी भूनने के लिये )
  • हींग - 1-2 पिंच
  • जीरा - आधा छोटी चम्मच
  • धनियां पाउडर - 1 छोटी चम्मच
  • सोंफ पाउडर - 1 छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च - एक चौथाई छोटी चम्मच
  • गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच
  • अमचूर पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच
  • हरी मिर्च - 1-2 ( बारीक कटी हुई )
  • अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा ( कद्दू कस कर लें )
  • हरा धनियां  -1 टेबल स्पून ( बारीक कटा हुआ )
  • नमक - स्वादानुसार ( आधा छोटी चम्मच )
  • तेल - कचौरियां तलने के लिये

विधि

मटर के दानों को मिक्सी से दरदरा पीस लीजिये.
कढ़ाई में तेल डाल कर गरम कीजिये. गरम तेल में हींग और जीरा डाल दें. जीरा ब्राउन होने के बाद धनियां पाउडर, सोंफ पाउडर, हरी मिर्च, अदरक, मसाले को थोड़ा सा भूनिये और पिसे हुये मटर डाल दीजिये, लाल मिर्च, गरम मसाला, अमचूर पाउडर, हरा धनियां और नमक डाल कर मटर को 3-4 मिनिट तक भूनें. कचौरियों में भरने के लिये पिठ्ठी तैयार है.
कचौरी का आटा और पिठ्ठी तैयार है, अब कढ़ाई में कचौरियां तलने के लिये तेल डाल कर गरम करें. आटे से थोड़ा सा आटा ( एक छोटे नीबू के बराबर ) तोड़कार गोल करें अब इसे 1 1/2 या 2 सेमी. व्यास में बेल कर एक छोटी चम्मच पिठ्ठी भर कर रखें और उंगलियों की सहायता से कचौरी को बन्द करें. अब इस पिठ्ठी भरे गोले को हथेली से दबा कर चपटा करके थोड़ा सा बड़ा लें इससे मटर की पिठ्ठी एक सार हो जाती है. ( अगर हम सीधे बेलन से दबा कर बेलेंगे तो कचौरियां फटने का डर है ). अब इसे बेलन से 2 1/2 या 3 इंच के व्यास में बेल लें. इसी तरह सारे आटे की कचौरी बेल कर तैयार करनी हैं. और ये बेली हुई 3-4 कचौरियों को गरम तेल में डाल कर, धीमी आग पर पलट पलट कर कचौरियां ब्राउन होने तक तलिये. तली कचौरियां किसी प्लेट में नेपकिन पेपर बिछा कर निकाल लीजिये और दूसरी कचौरियां तलने के लिये कढ़ाई में डालिये. इसी तरह सारी कचौरियां तल कर तैयार कर लीजिये.
मटर की कचौरियां तैयार हैं. गरमा गरम कचौरियां, आलू की मसाले वाली सब्जी या हरे धनिये की चटनी के साथ परोसिये और खाइये.

आलू समोसा – Samosa Recipe


समोसे (Samosa) उत्तर भारत का व्यंजन है . आप इसे अक्सर बाजार से लाकर खाते रहते होंगे. इसे घर में बनाना बहुत आसान है. आईये आज घर में समोसे बनाते हैं.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Samosa Recipe

समोसे के लिये आटा लगाने के लिये.
मैदा - 250 ग्राम (2 1/2 कप)
घी -  60 ग्राम ( 1/4 कप से थोड़ा सा अधिक)
नमक   - स्वादानुसार (आधा छोटी चम्मच)
समोसे में भरने के लिये पिठ्ठी बनाने के लिये.
आलू   - 400 ग्राम ( 3-4)
हरे मटर के दाने  - आधा कप (यदि आप चाहें तो)
काजू  - 12-15 (यदि आप चाहें)
किसमिस  - 25 -30 (यदि आप चाहें तो)
हरी मिर्च  - 2-3 बारीक कतर लीजिये
अदरक - 2 इंच लम्बा टुकड़ा (कद्दूकस कर लीजिये)
हरा धनियां - एक टेबिल स्पून (बारीक कतरा हुआ)
धनियाँ पाउडर - 2 छोटी चम्मच
गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच
अमचूर पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच
नमक  - स्वादानुसार
तलने के लिये - तेल

विधि - How to make Samosa Recipe

सबसे पहले आलू को उबलने रख दीजिये. मैदा में तेल और नमक डालिये उन्हैं अच्छी तरह मिला लीजिये, गुनगुने पानी की सहायता से गूथिंये थोड़ा सख्त आटा गूदना है. आटे को सैट होने के लिये 15 - 20 मिनिट के लिये रख दीजिये.
समोसे में भरने के लिये पिट्ठी तैयार करें.

उबाले हुये आलुओं को छील लीजिये, और हाथ से बारीक तोड़ लीजिये. आलू में, मटर, नमक, हरी मिर्च, हरा धनियां, अदरक, धनियां पाउडर, गरम मसाला, अमचूर पाउडर, किशमिश और काजू डालिये और अच्छी तरह मिलने तक मिला दीजिये.
पिठ्ठी को भून कर बनाया जा सकता है: एक कढ़ाई में एक टेबिल स्पून तेल डालकर गरम करें, उसमें धनियाँ पाउडर, हरी मिर्च, अदरक डाल कर भूनें और आलू और मटर डाल दें,  इसके बाद उसमें गरम मसाला , नमक  और अमचूर पाउडर डाल दें , कलछी से चलाये और भूनें मसाला अच्छी तरह मिल जाय गैस बन्द कर दें और आलू नीचे उतार लें, ठंडा करें ओर काजू किसमिस मिला दें. यह पिट्ठी समोसों में भरने के लिये तैयार है.
अब जो गुंथा हुआ मैदा है उसके दस बराबर के आकार के गोले बना लें. एक गोला लेकर बेलन से करीब 8 - 10 इंच के व्यास का बेल लें .  बेली हुई पूरी थोड़ी मोटी ही रहनी चाहिये.
इस बेले गये पूरी को दो बराबर के भागों में चाकू की सहायता से काट लीजिये. एक भाग को तिकोन बनाते हुये मोड़ें (तिकोन बनाते समय दोनों सिरे पानी से अवश्य चिपकाइये)
तिकोन में आलू की पिट्ठी भरिये. पिठ्ठी भरने के बाद, पीछे के किनारे में एक प्लेट डाल दीजिये, ऊपर के दोनों किनारों को पानी की सहायता से चुपका दीजिये.  देखिये समोसे का आकार सही है.  इसी तरह से सारे समोसे तैयार कर लीजिये.
इन्हैं तलने के लिये कढ़ाई गैस पर रखें और उसमें तेल भरकर गरम करें.  गरम तेल में चार समोसे डाले और ब्राउन होने तक तलें (समोसे तलते समय गैस फ्लेम मीडियम ही रहे). कढ़ाई से समोसे निकाल कर, एक प्लेट पर नैपकिन पेपर बिछाकर रख लीजिये. सभी समोसों को इसी तरह तल कर निकाल लीजिये. गरमा गरम समोसे (Samosa) तैयार हैं.
हरे धनिये की चटनी और मीठी चटनी  के साथ परोसिये और खाइये.

खस्ता कचौड़ियां – Khasta Kachodi Recipe


आवश्यक सामग्री 

Ingredietns for Khasta Kachori Recipe

आटा लगाने के लिये
  • मैदा -     400 ग्राम
  • रिफाइन्ड तेल    -  100 ग्राम
  • नमक - स्वादानुसार (आधा छोटी चम्मच से थोड़ा अधिक)
पिठ्ठी बनाने के लिये
  • धुली उरद दाल  —  70 ग्राम्
  • हींग - 1-2 पिंच
  • जीरा      _   एक चौथाई छोटी चम्मच
  • धनियाँ पाउडर  _  एक छोटी चम्मच
  • सोंफ पाउडर   _    एक छोटी चम्मच
  • गरम मसाला —    आधा छोटी चम्मच
  • हरी मिर्च      —     2 बारीक कटी हुई
  • अदरक    —     एक इंच लम्बा टुकडा़ बारीक कटा हुआ
  • हरा धनियाँ   —   2 टेबल स्पून, बारीक कटा हुआ
  • नमक    —     स्वादानुसार (आधा छोटी चम्मच)
  • तलने के लिये तेल

विधि - How to make Khasta Kachori

सबसे पहले दाल को 3-4 घंटे पहले पानी में भिगो दीजिये.
मैदा में तेल और नमक डाल कर मिला दीजिये, पानी की सहायता से मैदा को, परांठे के लिये गूंथे गये नरम आटे की तरह नरम गूंथ लीजिये, गुंथे हुये आटे को 20 मिनिट के लिये ढककर सैट होने के लिये रख दीजिये.
दाल की पिठ्ठी : भीगी हुई दाल को मिक्सी में मोटा मोटा पीस लीजिये.  कढ़ाई में 2 -3 टेबल स्पून तेल डालिये जब तेल गरम हो जाय तो उसमें जीरा, हींग, धनियाँ पाउडर, सौंफ पाउडर, हरी मिर्च ओर अदरक डाल दीजिये,  मसाले को भूनिये.  मसाला को हल्का सा भुनने के बाद, पिसी हुई दाल डाल कर मसाले में मिलाइये  ओर दाल को चमचे से चलाते हुये भूनिये, जब दाल ब्राउन हो जाय, तब हरा धनियाँ और गरम मसाला मिला कर 2 मिनिट और भून लीजिये. कचौड़ियों में भरने के लिये दाल की पिठ्ठी तैयार है.
कचौड़ियाँ तलने के लिये कढ़ाई में तेल  डाल कर गैस पर रख दीजिये.  गुंथे हुये मैदे के बराबर के 20 गोले बना लीजिये. एक गोले को चकले पर बेलन की सहायता से थोड़ा सा बेलें और उसमें एक छोटी चम्मच भर के दाल रख दीजिये. चारों ओर से आटा उठायें और दाल को बन्द कर दीजिये,  दाल भरे गोले को हथेली से दबाकर चपटा करें और फिर बेलन की सहायता से कम ताकत लगाकर उसे 3-4 इंच के व्यास में बेल लीजिये, वह फटनी नहीं चाहिये, कचौड़ी थोड़ी मोटी ही रखनी है.  बेली गई कचौड़ी गरम तेल में डालें और पलट पलट कर दोंनो ओर ब्राउन होने तक धीमी और मीडियम गैस पर कुरकुरी तलें, तली हुई कचौड़िया कढ़ाई से निकालिये और प्लेट मे नैपकिन के ऊपर रखिये. एक साथ तीन या चार कचौड़ियाँ एक बार में तली जा सकती हैं.  सारी कचौड़ियाँ बनाकर तलकर तैयार कर लीजिये. (साथ के फोटो में पिठ्ठी भरी लोही, हाथ से दबायी लोही एवं बेली हुई लोही)
ये गोल गोल खस्ता कचौड़ियाँ हरे धनिये की चटनी और आलू मसाला सब्जी के साथ परोसिये और खाइये.

हरे धनिये की चटनी कैसे बनायें (Hara Dhaniya Chatni).

  • हरा धनियाँ  - 200 ग्राम
  • हींग - 1-2 पिंच
  • हरी मिर्च  - 4
  • कच्चे आम की खटाई कटी हई - 50 ग्राम (आधा कप),   या एक बड़ा नीबू का रस
  • नमक  - स्वादानुसार ( 3/4 छोटी चम्मच)
धनिये को साफ करके अच्छी तरह धो लीजिये और मोटा मोटा काट लीजिये , हरी मिर्च के डंठल तोड़ लीजिये,  मिक्सी के जार में डालिये ,हरी मिर्च, हींग,  खटाई या नीबू का रस मिला दीजिये और नमक डाल दीजिये.  सभी को बारीक पीस लीजिये.  काँच के प्याले में निकाल लीजिये. चटनी तैयार है.

आलू की कचौड़ी – Aloo Kachori Recipe


आफिस की छुट्टी या बच्चों के स्कूल की छुट्टी हो, सुबह के नाश्ते में कुछ अलग होना ही चाहिये. तो क्यों न छुट्टी के दिन हम आलू की कचौड़ी बनायें, क्या ख्याल है आपका?
आलू की कचौड़ियां (Aloo Kachori) खाने में जितनी अधिक स्वादिष्ट होती हैं, बनाने में उतनी ही आसान हैं.  अगर आप पिकनिक पर जा रहे हैं, तो भी इन्हैं बनाकर ले जाइये, ये (Alu Kachori) वहां भी आपको बहुत अच्छी लगेगी.  तो आइये आलू की कचौड़ी बनाना शुरू करें.

आवश्यक सामग्री - Ingerdients for Aloo Kachori

  • कचौड़ी के लिये आटा तैयार करने के लिये:
  • मैदा या आटा - 300 ग्राम (तीन छोटी कटोरी)
  • सूजी (रवा) -  100 ग्राम (एक छोटी कटोरी)
  • नमक - स्वादानुसार( आधी छोटी चम्मच )
  • खाना सोडा -  एक चौथाई छोटी चम्मच
  • तेल - 2 टेबिल स्पून

कचौड़ी के अन्दर आलू भरने के लिये :

  • आलू - 300 ग्राम (5-6)
  • तेल - एक टेबिल स्पून
  • जीरा - आधा छोटी चम्मच
  • धनियां पाउडर - 1 1/2 छोटी चम्मच
  • हरी मिर्च - 2 (बारीक कतर लीजिये)
  • अदरक - 1 1/2 इंच लम्बा टुकड़ा(कद्दूकस करलीजिये)
  • अमचूर पाउडर - आधा छोटी चम्मच
  • गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच
  • नमक - आधा छोटी चम्मच
  • तेल - कचौड़ीयां तलने के लिये

विधि - How to make Aloo Kachori

सबसे पहले आलू को कुकर में उबालने के लिये रख दीजिये.  जब तक आलू उबलेंगे तब तक हम कचौड़ी का आटा लगा लेते हैं.
मैदा और सूजी को किसी बर्तन में छान लीजिये, नमक और बेकिंग पाउडर डालिये,  तेल भी  डाल दीजिये और हाथ से इन सभी को अच्छी तरह मिला लीजिये.
गुनगुने पानी की सहायता से नरम आटा (जैसा चपाती बनाने के लिये गूथा जाता है) गूथिये.  आटे को ढककर आधा घंटे के लिये रख दीजिये.
कुकर से आलू निकाल कर छील लीजिये.  आलू को बारीक तोड़ लिजिये, एक छोटी कढ़ाई में तेल डालकर गरम कीजिये.  गरम तेल में जीरा डालिये, जीरा भुनने के बाद, धनियां पाउडर, हरी मिर्च, अदरक, आलू, नमक डाल कर आलू को चमचे से चलाते हुये 2-3 मिनिट तक भून लीजिये.
गुथे हुये आटे से थोड़ा सा आटा (1 नीबू के बराबर) तोड़िये.  आटे को हथेली पर रखकर, उंगलियों की सहायता से बड़ाइये, उसमें थोड़ी गहराई बनाइये, और एक या डेड़ छोटी चम्मच आलू का मिश्रण उस पर रखिये, उंगलियों की सहायता से चारों तरफ से आटे को उठाकर मिलाइये, दबाकर बन्द कर दीजिये.  बन्द कचौड़ी को हथेली पर रखिये, और दूसरी हथेली की सहायता से दबाकर चपटा कीजिये, चकले पर रखकर कम दबाब देते हुये, बड़ा लीजिये.  सारी कचौडियां इसी तरह तैयार करनी है.
अब कचौड़ी तलने के लिये, कढाई में तेल डालकर गरम कीजिये. गरम तेल में कचौड़िया डाल कर, मीडियम आग पर,  दोंनो तरफ ब्राउन होने तक तलिये.
प्लेट या डलिया में नैपकिन पेपर बिछाइये.  कचौड़ियां निकाल कर इस प्लेट में रखिये. सारी कचौड़ियां इसी तरह सेक कर तैयार कर लीजिये.  गरमा गरम कचौड़ियां हरी और मीठी चटनी के साथ खाइये.

चार लोगों के लिये
समय - 50 मिनिट

दाल पकवान – Dal Pakwan Recipe – Sindhi Dal Pakwan


दाल पकवान (Dal Pakwan) की दाल चने की दाल से बनाई जाती है, और पकवान मैदा की करारी पूरी की तरह होते है. दाल पकवान (Dal Pakwan) आप किसी भी छुट्टी के दिन सुबह के नाश्ते में बनाइये सभी को बहुत पसन्द आयेंगे,
दाल पकवान हमने पहली बार अपने भोपाल प्रवास के दौरान सिन्धी परिचित परिवार में खाये थे.  उस दौरान हमारे घर में दाल पकवान ही नहीं मूंगफली की पट्टी, चने की दाल की पट्टी बनने लगे थे. दाल पकवान बनाना बड़ा आसान है, इसको बनाने में समय भी कम ही लगता है. आइये दाल पकवान बनायें.

आवश्यक सामग्री -

Ingredients for Sindhi Dal Pakwan Recipe

पकवान बनाने के लिये आटा लगाने के लिये

  • मैदा - 200 ग्राम (2 कप)
  • तेल - 50 ग्राम (1/4 कप )
  • नमक - 3/4 छोटी चम्मच
  • जीरा या अजवायन - 1/4 छोटी चम्मच
  • तेल - तलने के लिये

दाल बनाने के लिये

  • चने की दाल - 200 ग्राम ( 1 कप )
  • तेल या घी - 2 - 4 टेबल स्पून
  • टमाटर - 2 - 3 मीडियम आकार के
  • हरी मिर्च - 1-2
  • अदरक - 1- 2 इंच लम्बा टुकड़ा
  • हींग - 2 पिंच
  • जीरा - आधा छोटी चम्मच
  • हल्दी पाउदर - आधा छोटी चम्मच
  • धनियां पाउडर - 1 1/2 छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च - एक चौथाई छोटी चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार या एक छोटी चम्मच
  • गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच
  • हरा धनियां - एक टेबल स्पून (बारीक कतरा हुआ)

विधि - How to make Sindhi Dal Pakwan

दाल बना लीजिये

चने की दाल साफ कीजिये, धोइये और 2 घंटे के लिये पानी में भिगा दीजिये.
कुकर में भिगी हुई दाल, 1 1/2 - 2 कप पानी, आधा नमक और आधी हल्दी पाउडर डालिये, कुकर बन्द कीजिये और एक सीटी आने के बाद 3-4 मिनिट तक दाल को पकने दीजिये, गैस फ्लेम बन्द कर दीजिये. कुकर खुलने तक दाल के लिये मसाला तैयार कर लीजिये.
टमाटर धोइये बड़ा बड़ा काट लीजिये, हरी मिर्च धोइये, डंठल तोड़िये, अदरक छीलिये और धो लीजिये.  टमाटर, हरी मिर्च और आधा अदरक पीस लीजिये, बचे हुये अदरक को पतला पतला काट लीजिये.
कढ़ाई में घी डाल कर गरम कीजिये, हींग और जीरा डालकर तड़काइये, क्रमश: हल्दी पाउडर, धनियां पाउडर, टमाटर, मिर्च का पेस्ट और कटे हुये अदरक डालिये, मसाले को तब तक भूनिये जब तक कि वह दानेदार न हो जाय या मसाले के ऊपर तेल तैरने लगे.
कुकर खोलिये, भुने मसाले में दाल मिला दीजिये, अगर आवश्यकता हो तो पानी और लाल मिर्च डाल कर मिलाइये, दाल को 2 मिनिट ढककर, धीमी आग पर पकाइये, उबाल आने पर देखिये दाल एक सार हो गई है  फ्लेम बन्द कर दीजिये दाल में गरम मसाला और हरा धनियां मिला दीजिये.  दाल तैयार हो गई है, और अब पकवान तैयार कर लेते हैं

पकवान बनाइये

मैदा को किसी बर्तन में छान कर निकालिये, मैदा में तेल, जीरा और नमक डाल कर हाथ से अच्छी तरह मिला लीजिये, पानी से पूरी के आटे से थोड़ा सा सख्त आटा गूथिये ( आटा ज्यादा सख्त और ज्यादा नरम नहीं होना चाहिये). गुथे हुये आटे को आधा घंटे के लिये ढककर रख दीजिये.
आटे को तोड़कर छोटी छोटी लोइयां बना लीजिये.   एक लोई उठाइये, गोल 6 - 7 इंच के आकार में पूरी बेलिये, चाकू से इस पूरी में 8 -10 जगह दबा कर निशान डाल दीजिये ताकि यह पूरी फूले नही और खस्ता भी बने.
कढ़ाई में तेल डाल कर गरम कीजिये, पूरी गरम तेल में डालिये और मीडियम आग पर हल्का ब्राउन खस्ता होने तक तलिये, एक एक करके सारी पूरी तल कर निकालिये और किसी प्लेट में नैपकिन पेपर बिछा कर रखिये,  लीजिये ये पकवान तैयार हैं, गरमा गरमा दाल और ये खस्ता पकवान परोसिये और खाइये.
दाल को और अधिक स्वादिष्ट बनाने के लिये, दाल में चाट मसाला और हरा धनियां डाल कर पकवान के साथ परोसिये.

पनीर गुझिया – Paneer Karanji Recipe


आवश्यक सामग्री -

Ingredients for Paneer Karanji

आटा लगाने के लिये
  • मैदा - 200 ग्राम (1 कप)
  • घी - 50 ग्राम ( एक चौथाई कप)
  • नमक - स्वादानुसार (1/3 छोटी चम्मच)
  • घी या तेल - तलने के लिये
पनीर की पिठ्ठी बनाइये - Pitthi for Paneer Karanji
  • पनीर - 100 ग्राम (आधा कप कद्दूकस किया हुआ)
  • घी - 1 छोटी चम्मच
  • जीरा - एक चौथाई छोटी चम्मच
  • अदरक - आधा इंच लम्बा टुकड़ा कद्दूकस कर लीजिये या आधा छोटी चम्मच पेस्ट
  • हरी मटर के दाने - 2 टेबल स्पून
  • नमक - स्वादानुसार (एक चौथाई छोटी चम्मच से कम)
  • काली मिर्च - 2-3 पिंच
  • काजू - 10-12 (एक काजू के 5-6 टुकड़े करते हुये काट लीजिये)
  • हरा धनियां - 1 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)

विधि - How to make Paneer karanji

मैदा किसी बर्तन में छान कर निकाल लीजिये, मैदा में घी और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लीजिये, पानी या दूध की सहायत से सख्त पूरी के आटे से भी थोड़ा सख्त आटा गूथिये. आटे को सैट होने के लिये 20 मिनिट के लिये ढककर रख दीजिये. पनीर करंजी के लिये आटा तैयार है.
पिठ्ठी बनाइये:
कढ़ाई में 1 छोटी चम्मच घी डालकर गरम कीजिये, जीरा डालिये, जीरा हल्का सा भुनने पर, मटर के दाने डालिये, 1-2 मिनिट तक भूनिये. मटर के दाने भुनने के बाद, अदरक, पनीर, नमक, काली मिर्च, काजू के टुकड़े और हरा धनियां डालिये, सारी चीजों को अच्छी तरह मिलाइये. करंजी के लिये पनीर की पिठ्ठी तैयार है.

पनीर की पिठ्ठी को 20 भागों में बांट लीजिये.
पनीर करंजी बेल कर तैयार कीजिये
गूंथे गये आटे से 20 लोई तोड़ कर गोल करके पेड़े बना लीजिये. एक लोई को चकले पर रखिये, बेलन से 4 इंच के व्यास में पतला बेल लीजिये. बेली गई पूरी के ऊपर पिठ्ठी का एक भाग रखें और किनारों पर उंगली से पानी लगायें, पूरी को गुझिया के आकार में मोड़ कर किनारों को उंगलियों से दबा दीजिये, करंजी को उठाकर प्लेट में लगाइये, सारी लोई से सारी पनीर करंजी इसी तरह तैयार करके प्लेट में लगा दीजिये.

या करंजी के लिये बेली गई पूरी को, करंजी के सांचे में रखिये और पिठ्ठी का एक भाग पूरी के ऊपर डालिये, करंजी के किनारों पर उंगली से पानी लगाइये ताकि करंजी के किनारे अच्छी तरह चिपक जायं और करंजी तलते समय खुले नहीं. सांचे से मोड़ कर, करंजी को काटिये और प्लेट में लगाकर रख लीजिये.
सारी लोई से एक एक करके, बेल कर और सांचे पर रखकर, पिठ्ठी भरकर इसी तरह सारी करंजी तैयार करके, प्लेट में लगा कर रख लीजिये. अब हमें इन करंजी को तलना है.
करंजी तलिये:
कढाई में तेल डालकर गरम कीजिये, गरम तेल में 3-4 करंजी डालिये, मध्यम और धीमी आग पर करंजी को पलट पलट कर, हल्का ब्राउन होने तक तल कर, प्लेट पर बिछे नैपकिन पेपर पर निकाल लीजिये. सारी करंजी इसी तरह तल कर निकाल लीजिये.

गरमा गरम पनीर करंजी चटनी या सास के साथ परोसिये और खाइये.
सावधानियां:
पनीर करंजी को तलते समय आग धीमी ही रखें, करंजी कुरकुरी और स्वादिष्ट बनेंगी. तेज आग पर तली गई पनीर करंजी, मुलायम हो जायेंगी.

हरे चने की कचौड़ी - Cholia Kachori Recipe


छुट्टी के दिन के नाश्ते के लिये कुछ स्पेशल बनाया जाय तो परिवार के सभी लोग बहुत खुश होंगे, आज हम हरे चने की स्पेशल कचौड़ी बनायेगे, जो बहुत ही स्वादिष्ट होती हैं, तो आइये हरे चने (छोलिया) की कचौड़ी (Green Chickpeas Kachori) बनाना शुरू करते हैं.

आवश्यक सामग्री -

Ingredients for Cholia Kachori

  • मैदा - 2 कप
  • हरे चने (Fresh green chickpea) - 1 कप
  • हरा धनियां - 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • अदरक - 1 इंच टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
  • हरी मिर्च - 1-2 बारीक कटी हुई
  • सोंफ पाउडर - आधा छोटी चम्मच
  • धनियां पाउडर - आधा छोटी चम्मच
  • नमक - 3/4 छोटी चम्मच (स्वादानुसार)
  • जीरा - 1/4 चम्मच
  • हींग - 1 पिंच
  • लाल मिर्च - 1/4 छोटी चम्मच से कम
  • गरम मसाला - 1/4 से आधा
  • अमचूर पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
  • तेल - 1/4 कप आटे में डालकर गूथने के लिये
  • तेल - कचौरी तलने के लिये

विधि - How to make Cholia Kachori

मैदा को किसी बर्तन में निकालिये, तेल और आधा छोटी चम्मच से थोड़ा कम नमक आटे में डालकर अच्छी तरह मिलाइये. मैदा को थोड़ा थोड़ा पानी डालकर चपाती जैसा नरम आटा गूंथ कर तैयार कर लीजिये. आटे को ढककर 20 मिनिट के लिये रख दीजिये, ताकि आटा फूल कर सैट हो जायेगा और तब तक हरे चने से पिठ्ठी बनाकर तैयार कर लेते हैं.
पिठ्ठी बनाइये - Stuffing for Green Chikpea Kachori
चने को अच्छी तरह धो कर हल्का दरदरा पीस लीजिये, पैन गरम कीजिये और 1 चमचा तेल डाल कर गरम होने दीजिये, गरम तेल में हींग और जीरा डालिये, जीरा भुनने पर अदरक पेस्ट, हरी मिर्च थोड़ा सा भूनकर पिसे हुये हरे चने डालिये, नमक, धनियां पाउडर, सोंफ पाउडर, अमचूर पाउडर, गरम मसाला, और लाल मिर्च डालकर सारी चीजों को मिलाते हुये पिठ्ठी को 3-4 मिनिट भूनेंगे. पिठ्ठी बन कर तैयार है.
अब तक आटा भी सैट हो कर तैयार हो गया है, आटे से छोटी छोटी एक नीबू के बराबर की लोई तोड़ कर तैयार कर लीजिये, इतने आटे से 11 लोई तोड़ ली हैं.  एक लोई उठाकर हाथ पर उंगलियों की सहायता से थोड़ा बढ़ाइये. 1 छोटी चम्मच फिलिंग डालकर आटे को चारों ओर से उठाकर फिलिंग को अच्छी तरह बन्द कर दीजिये. सारी कचौड़ियों को इसी प्रकार भर कर तैयार कर लीजिये.

कढ़ाई में तेल डाल कर गरम कीजिये, भरी हुई कचौड़ियां हाथ से या बेलन की सहायता से 2-3 इंच के व्यास में बढ़ा लीजिये, तेल कम गरम होने पर ही, 3-4 या जितनी कचौड़ी कढ़ाई में आसानी से आ जाय उतनी डाल दीजिये, धीमी और मीडियम गैस पर कचौड़ियों को दोंनो ओर से हल्का ब्राउन होने तक तक तल कर निकाल लीजिये. सारी कचौड़ी इसी तरह तल का तैयार कर लीजिये.
कचौड़ियों को एक दम ठंडा होने तक हवा में खुला ही रहने दीजिये. हरे चने की कचौड़ियों को हरे धनिये की चटनी, मीठी चटनी के साथ परोसिये और खाइये.  हरे धनिये की कचौड़ी को 4 दिन तक रख कर खाया जा सकता है.