Bombay Stock Exchange

Sunday, July 29, 2012

भरवां पनीर कोफ्ता - Stuffed Paneer Kofta Curry

पनीर कोफ्ते में भरने के लिये आप उबले आलू के स्थान पर उबला हुआ पालक, कद्दूकस किया हुआ फूल गोभी, छोटे छोटे टुकडे की हुई बीन्स, कद्दू कस किया हुआ बन्द गोभी या जो भी मन चाहे सब्जियां भर कर बना सकते हैं


आवश्यक सामग्री

Ingredients for Stuffed Paneer Koftas

कोफ्ता (Stuffed Cheese Balls) बनाने के लिये
  • पनीर - 300 ग्राम
  • अरारोट - 4 टेबल स्पून
  • आलू - 2-3 उबले हुये
  • नमक -  स्वादानुसार (आधा छोटी )
  • हल्दी पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम
  • हरी मिर्च - 2
  • अदरक - 1 /2 इंच टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
  • धनियां पाउडर - आधा छोटी चम्मच
  • अमचूर पाउडर - 1 चौथाई छोटी चम्मच से कम
  • तेल - कोफ्ता तलने के लिये
तरी बनाने के लिये
  • टमाटर - 4 - 5 मध्यम आकार के
  • हरी मिर्च - 2
  • अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा
  • तेल - 2 टेबल स्पून
  • जीरा - 1/4 छोटी चम्मच
  • हींग - 1 पिंच
  • हल्दी पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
  • धनियां पाउडर - 1 छोटी चम्मच
  • क्रीम - 100 ग्राम (1/2 कप)
  • लाल मिर्च - 2 पिंच
  • नमक - स्वादानुसार (3/4 छोटी चम्मच)
  • गरम मसाला - 1/4 छोटी चम्मच
  • हरा धनियां - 2 टेबल स्पून ( बारीक कतरा हुआ)

विधि - How to make Stuffed Cheese Balls Curry

कोफ्ता बनाइये - Stuffed Paneer Kofta
पनीर में अरारोट और आधा छोटी चम्मच नमक डालिये, अच्छी तरह मसल मसल कर पनीर को चिकना और मुलायम कर लीजिये.

आलू छीलिये, एकदम बारीक तोड़िये, नमक, हल्दी पाउडर, हरी मिर्च, अदरक, धनियां पाउडर और अमचूर पाउडर डाल कर मिला कर, बारीक और आटे की तरह गूथ कर तैयार कर लीजिये.
पनीर के मिश्रण से 12- 14 गोले बराबर के बना लीजिये. आलू के मिश्रण से भी उतने ही गोले बनाकर तैयार कर लीजिये.
पनीर के एक गोले को लेकर हथेली पर रखिये, चपटा कीजिये, आलू का एक गोला उठाइये और पनीर के चपटे किये गोले के ऊपर रखिये, पनीर को चारों ओर से उठाकर, आलू के गोले को बन्द करते हुये गोल कर लीजिये, इसी तरह सारे पनीर के गोले, में आलू के गोले भर कर तैयार करके प्लेट में लगा लीजिये. तैयार गोले सैट होने के लिये 20 मिनिट के लिये फ्रिज में रख दीजिये.

कोफ्ता तलने के लिये कढ़ाई में तेल डालकर गरम कीजिये, तेल पर्याप्त गरम होने पर 4-5 कोफ्ता गरम तेल में डालिये और गोल्डन ब्राउन होने तक तल कर, निकाल कर प्लेट में रखिये, सारे कोफ्ता इसी तरह तल कर निकाल लीजिये.
  • भरवां पनीर (Stuffed Cheese Balls) के कोफ्ते तैयार हैं.  आप इन्हें स्टार्टर के रूप में परोस सकते हैं
तरी बनाइये - Gravy for Stuffed Paneer Kofta
टमाटर धोइये, बड़े टुकड़े में काट लीजिये, हरी मिर्च को डंठल तोड़ कर धो लीजिये, अदरक को छील कर धो लीजिये और टुकड़े कर लीजिये, सारी चीजें मिक्सर में डालकर बारीक मसाला पीस लीजिये.
कढ़ाई में तेल डालकर गरम कीजिये, गरम तेल में जीरा और हींग डालिये, जीरा हल्का ब्राउन होने पर, हल्दी पाउडर, धनियां पाउडर डालिये, मसाला हल्का सा ही भूनने पर टमाटर का पिसा मसाला और लाल मिर्च डालिये और 2 -3 मिनिट तक या टमाटर के पकने तक भूनिये, अब क्रीम डाल कर मसाले को तब तक भूनिये जब तक मसाला के ऊपर तेल न आ जाय.
भुने मसाले में 2 कप पानी या आप तरी को जितना पतला रखना चाहते हैं उसके अनुसार पानी, नमक और गरम मसाला डालिये. तरी में उबाल आने के बाद 2 मिनिट तक पकने दीजिये, तरी बन चूकी है, तरी में कोफ्ता डाल कर ढक दीजिये.
पनीर भरवां कोफ्ता सब्जी तैयार है, सब्जी को प्याले में निकालिये और हरा धनियां डाल कर सजाइये. पनीर भरवां कोफ्ते सब्जी के साथ चपाती, नान, परांठे या चावल परोसिये और खाइये.
पाउडर गरम मसाला की जगह साबुत गरम मसाला दरदरा कूट कर डालें तो ताजा कुटे गरम मसाले का स्वाद बहुत ही लाजबाब होता है.
भरवां पनीर कोफ्ता करी को आप कई तरह की ग्रेवी में बना सकते हैं. पढिये.

भरवां पनीर कोफ्ता (Stuffed Cheese Balls) हरे धनिये की चटनी (Coriander Chutney) के साथ आप खाने से पहले स्टार्टर के रूप में या शाम के नाश्ते में भी परोस सकतीं है.
सुझाव
  • पनीर कोफ्ते बनाने के लिये पनीर में अरारोट डाल कर, अच्छी तरह मसल मसल कर चिकना कर लीजिये.
  • पनीर में अरारोट कम होने पर कोफ्ते तेल में फट सकते हैं.
  • कोफ्ते तलते समय तेल पर्याप्त गरम होना चाहिये, इन्हें धीमी आग में मत तलिये.  कम गरम तेल में कोफ्ते डालने से वे फटकर तेल में फट सकते हैं.
  • तरी में कोफ्ता डालने के बाद तरी को उबालें नहीं ढक कर रख दीजिये, अगर अब तरी को उबालेंगे तब कोफ्ते ज्यादा मुलायम हो कर टूट सकते हैं.

पालक पनीर की सेन्डविच – Palak Paneer Sandwich Recipe


पालक पनीर की सैन्डविच स्वादिष्ट होने के साथ साथ पौष्टिक भी होती है. पालक पनीर की सैन्डविच बनाकर  इसे नाश्ते में परोसिये या बच्चों को उनके टिफिन में दीजिये. सभी को बहुत पसन्द आयेगी.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Palak Paneer Sandwich

  • ब्रेड स्लाइस - 8
  • पालक - 400 ग्राम या 2 कप बारीक कटा हुआ
  • मक्खन - 2 टेबल स्पून
  • पनीर - 100 ग्राम
  • स्वीट कार्न - 1 टेबल स्पून ऊपर तक भरा हुआ
  • नमक - स्वादानुसार (आधा छोटी चम्मच)
  • काली या सफेद मिर्च - 1/4 छोटी चम्मच
  • भुना जीरा पाउडर - 1 छोटी चम्मच
  • नीबू का रस - 2 छोटी चम्मच

    विधि - How to make Palak Paneer Sandwich

    पालक के पत्ते से डंडिया हटा कर, 2 बार पानी में पत्ते डुबा कर अच्छी तरह धो लीजिये. धुले हुये पालक को छलनी में या थाली में रख कर थाली को तिरछा कर दीजिये ताकि पालक से अतिरिक्त पानी निकल जाय.
    अब इन पालक के पत्तों को बारीक काट लीजिये.
    कढ़ाई में 2 छोटी चम्मच मक्खन डाल कर गरम कीजिये, मक्खन में कटे पालक के पत्ते डालिये, स्वीट कार्न, नमक और काली मिर्च डाल कर मिला दीजिये. पालक के पत्तों को ढककर 2 मिनिट पकने दीजिये, ढक्कन हटाइये और पालक से निकले पानी को जलने तक पालक को पका लीजिये. आग बन्द कर दीजिये.
    पकाये हुये पालक और स्वीट कार्न में पनीर को क्रम्बल करके डालिये, भुना जीरा और नीबू का रस भी डाल दीजिये, सारी चीजों को अच्छी तरह मिला दीजिये.  सैन्डविच बनाने के लिये पिठ्ठी तैयार हैं. पिठ्ठी को 4 बराबर भागों में बांट लीजिये.
    2 ब्रेड पर अन्दर की ओर मक्खन की परत बिछाइये, एक ब्रेड के मक्खन लगे सतह पर पालक की पिठ्ठी रखकर एक जैसा फैला लीजिये, दूसरी ब्रेड मक्खन लगी सतह से उसके ऊपर ढक कर हथेली से हल्का सा दबा दीजिये. इसी तरह से दूसरी सैन्डविच भी बना कर तैयार कर लीजिये.
    सैन्डविच टोस्टर में सैन्डविच को ग्रिल करने के लिये रखिये. 3 -4 मिनिट में सेन्डविच ग्रिल हो जाती हैं. सेन्डविच निकाल कर प्लेट में रखिये. दूसरे सेन्डविच फिर से सेन्डविच मेकर में रखिये और ग्रिल करके निकाल लीजिये.
    पालक पनीर सेन्डविच (Palak Corn and Paneer Sandwich) तैयार है. गरमा गरम पालक पनीर सेन्डविच हरी चटनी (Dhaniya Chutney), टमाटर कैचप (Tomato ketchup) या कसून्दी (Kasundi) के साथ परोसिये.

    मूंग की दाल के नगेटस -Moong Dal Cutlet Recipe


    मूंग की दाल के नगेटस (Moong Dal Cutlet) कुरकुरे और बहुत ही स्वादिष्ट होते हैं, इन्है आप किसी भी पार्टी में स्टार्टर के रूप में बनाकर परोस सकते हैं, किसी मेहमान के आने पर बना कर खिलाइये या जब भी आपका कुछ तला हुआ खाने का मन हो तब बना लीजिये, ये आपको बहुत पसन्द आयेंगे.
    आवश्यक सामग्री - Ingredients for Moong Dal Cutlet
    • मूंग की दाल - 1/2 कप (1 घंटे पानी में भीगी हुई)
    • आलू - 2 (उबले आलू)
    • ब्रेड का चूरा ( 1 कप)
    • हरा धनियां - 2/3 टेबल स्पून
    • धनियां - 2-3 टेबल स्पून
    • धनियां पाउडर - 1/2 छोटी चम्मच
    • लाल मिर्च पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
    • अमचूर पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
    • गरम मसाला - 1/4 छोटी चम्मच
    • हींग - 2 पिंच
    • अदरक - 1 इंच टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ )
    • हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
    • नमक - 1/2 छोटी चम्मच (स्वादानुसार)
      विधि: - How to make Moong Dal Cutlet
      आलू छील कर अच्छी तरह बारीक मैस कर लेंगे, मूंग की दाल, आलू और ब्रेड का चूरा किसी बड़े प्याले में डाल कर सारे मसाले डालकर अच्छी तरह मिलाइये,  हाथ से गूथ कर मिश्रण तैयार कर लीजिये.
      कढ़ाई में तेल डालकर गरम कीजिये, मिश्रण से थोड़ा सा मिश्रण निकालिये और गोल कीजिये और हाथ से ओवल आकार देकर थाली में रख लीजिये, सारे नगेट्स इसी तरह बनाकर तैयार कर लीजिये.
      गरम तेल में 6-7 या जितने नगेट्स कढ़ाई में डालिये और मीडियम आग पर नगेट्स को दोनों ओर गोल्डन ब्राउन होने तक तल कर निकाल कर, प्लेट में रखिये. सारे नगेट्स इसी प्रकार तल कर निकाल लीजिये.
      गरमा गरम मूंग की दाल के नगेटस तैयार  लीजिये, मूंग की दाल के नगेटस को हरे धनिये की चटनी, मीठी चटनी के साथ परोसिये और खाइये.
      सुझाव:  नगेट्स (Moong Dal Cutlet) को तलते समय ध्यान रखें कि तेल न तो ज्यादा गरम हो और न ठंडा, मीडियम आग पर नगेटस को तलें बहुत अच्छे मूंग की दाल के नगेटस बनेंगे.

      कलमी वड़ा | Kalmi Vada Recipe


      आवश्यक सामग्री

      Ingredients to make Kalmi Vada

      • चने की दाल - आधा कप
      • हरा धनियां - 2-3 टेबल स्पून बारीक कटा हुआ
      • हरी मिर्च - 2 बारीक कटी हुई
      • नमक - 1/2 छोटी चम्मच (स्वादानुसार)
      • लाल मिर्च पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
      • अदरक - आधा इंच टुकड़ा कद्दू कस किया हुआ
      • धनियां पाउडर - आधा छोटी चम्मच
      • हींग - 1 पिंच से भी कम


      विधि - How To Make Kalmi Vadas

      चने की दाल को धो कर, रात भर या 5-6 घंटे पानी में भिगो दीजिये, भिगी हुई चने की दाल से अतिरिक्त पानी निकाल दीजिये, और दाल को बिना पानी डाले हल्की दर दरी पीस लीजिये, अगर दाल ज्यादा सूखी लगे तो 1-2 टेबल स्पून पानी डाला जा सकता है.
      पिसी दाल में नमक, हरी मिर्च, अदरक, धनियां पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हरा धनियां और हींग डालकर अच्छी तरह मिक्स होने तक मिक्स कर दीजिये. कढ़ाई में तेल डालकर गरम करने रख दीजिये.
      वड़े बनाने के लिये एक प्याली पर सूती कपड़ा रख कर पीछे से कसकर पकड़ लेंगे, प्याली के ऊपर लगे कपड़े पर पानी लगाकर गीला कर लेंगे, दाल के मिश्रण से थोड़ा सा एक नीबू के बराबर मिश्रण उठायेंगे और गोल करके प्याली पर लगे कपड़े के ऊपर रखेंगे और उंगलियों की सहायता से गोल आकार दे देंगे.
      गोल वड़े को सावधानी पूर्वक कपड़े से उठाकर, गरम तेल में डालिये, दूसरा वड़ा भी इसी तरह तैयार करके तेल में डालिये, वड़ों को हल्के ब्राउन होने तक, 70 प्रतिशत तक तल कर निकाल लीजिये, सारे वड़े इसी तरह तल कर तैयार कर लीजिये.
      तले हुये वड़ों को आधा इंच के लम्बाई में टुकड़े काट कर तैयार कर लीजिये, और अब जब भी वड़े खाने हों या जब भी मेहमान आ जाय, कटे हुये वड़े कढ़ाई में डालिये और क्रिस्प होने तक तल कर निकाल लीजिये. कलमी वड़े तैयार है.
      बहुत ही स्वादिष्ट और क्रिस्पी वड़े हरे धनिये की चटनी और टमाटर सास के साथ परोसिये और खाइये.

      राज कचौरी – Raj Kachori Recipe


      राज कचौरी के अन्दर अनेकों स्वाद भरे होते हैं. बाहर से कचौरी का कुरकुरापन लेकिन इसके अन्दर भरे मुलायम पकौड़ी, दही लपेटे आलू, भुजिया, नमकीन खट्टी मीठी चटनियों का सम्मिलित स्वाद. जब तक इसे आप खायें नहीं अनुभव नहीं कर सकते.

      एक राज कचौरी आपके शाम के नाश्ते के लिये पर्याप्त और दो कचौरी पूरा पेट भरने के लिये.  होली के पकवानों
      ( Recipes for Holi ) में आप राज कचौरी को भी सम्मिलित कर सकते हैं. प्रस्तुत है राज कचौरी

      Raj kachori chaat recipe

      .

      आवश्यक सामग्री - Ingredients for Raj Kachori

      कचौरी के लिये आटा लगाइये.
      • सूजी - 200 ग्राम (एक कप)
      • मैदा - 2 टेबल स्पून
      • नमक - आधा छोटी चम्मच (स्वादानुसार)
      • तेल  - तलने के लिये

      कचौरी भरने के लिये - FillingIngredients for Raj Kachori

      • आलू - 2-3 उबले हुये( बारीक कतर लीजिये)
      • मूंग या चना -  आधा कप उबले हुये
      • मैदा की छोटी पपड़ी - 20
      • दही पकोड़ी -  10
      • दही - 400 ग्राम (2 कप)फैट लीजिये
      • भुना हुआ जीरा - 2 छोटी चम्मच (पाउडर किया हुआ)
      • काला नमक - एक छोटी चम्मच
      • लाल मिर्च पाउडर - एक छोटी चम्मच
      • मीठी चटनी - आधा कप
      • हरी चटनी - आधा कप
      • सेव भुजिया - आधा कप
      • अनार के दाने - आधा कप
      • हरा धनियां - आधा कप (बारीक कतरा हुआ)

      विधि How To Prepare Raj Kachori

      सूजी और मैदा को किसी बर्तन में निकालिये, नमक और एक टेबल स्पून तेल डाल कर मिलाइये. पानी की सहायता से कड़ा आटा गूथिये. आटे को आधा घंटे के लिये ढककर रख दीजिये. मसल मसल कर आटे को नरम कीजिये. कचौरी बनाने के लिये आटा तैयार है.
      भारी तले की कढ़ाई में तेल डालकर गरम कीजिये.
      गूथे गये आटे से एक नीबू के बराबर आटा तोड़्कर गोला बनाइये, गोले को लगभग 3 इंच के व्यास में बेल लीजिये. बेली हूई कचौरी को गरम तेल में डालिये, कलछी से दबाकर फुलाइये, जैसे ही कचौरी फूल जाय, आग धीमी कर दीजिये, धीमी गैस फ्लेम पर कचौरी को ब्राउन होने तक तलिये.  तली हुई कचौरी किसी प्लेट या डलिया में नैपकिन पेपर बिछा कर रखिये, इसी तरह सारी कचौरी तल कर तैयार कर तैयार कर लीजिये.  राज कचौरी को ठंडा होने के लिये खुला ही छोड़ दीजिये.
      कचौरी तैयार हैं, कचौरी में भरने के लिये सारी चीजें भी हमारे पास हैं. जब आप इन कचौरी को खाना चाहते हैं उसी समय इस तरह राज कचौरी को तैयार कीजिये.
      कचौरी को पतले तरफ से बीच से तोड़िये और कचौरी के अन्दर ये चीजें भरने के लिये जगह बनाइये, कचौरी को प्लेट में रखिये और इस तरह भरिये, सबसे पहले 4-5 टुकड़े आलू डालिये और अब क्रमशः एक चम्मच उबाले हुये मूंग,  2 दही पकोड़ी रखिये,  2-3 पापड़ी दही में डुबा कर डालिये,थोड़ा सा भुना जीरा, काला नमक, लाल मिर्च पाउडर, मीठी चटनी, दही  हरी चटनी, सेब भुजिया, अनार दाने, फिर से जीरा पाउडर, और लाल मिर्च और हरा धनिया, दही, चटनियां डाल कर परोसिये.
      लीजिये स्वादिष्ट राज कचौरी तैयार है, खाइये और बताइये कि राज कचौरी कैसी बनी है.
      कचौरी में भरने वाली सामग्री में आप अपने अनुसार कम ज्यादा और बदल भी सकते हैं जैसे आपके पास पापड़ी नही हैं तो आप जो कचौरियां फूलने से रह गई हैं उन्हीं को तोड़कर राजकचौरी के अन्दर भर दीजिये, या चने की जगह उबाले हुये मटर भी डाले जा सकते हैं.

      इसी आटे से जो आपने राज कचौरी बनाने के लिये तैयार किया है, आपका मन करे तो गोल गप्पे  (Pani Puri - Gol Gappa) भी बना सकते हैं, पानी तो जलजीरा पाउडर को पानी में घोलिये मिनटों में तैयार हो जाता है.

      मूंग की दाल के मिनी समोसे (Moong Dal Samosa Recipe)


      मूग दाल के छोटे समोसे  (Moong Dal Mini Samosa) सामान्य समोसे से आकार में आधे से भी कम होते हैं.  चूंकि इनमें आलू की जगह भुनी हुई मूंग दाल की पिठ्ठी का प्रयोग होता है इसलिये इन्हें एकबार बनाकर 10-12 दिन तक खाया जा सकता है.  चाय के साथ सुबह हो या शाम ये समोसे बहुत पसन्द आते हैं ये समोसे आप इस होली, दिवाली के त्योहार पर भी बना सकते हैं, किसी भी  पार्टी या मेहमानों के लिये ये समोसे बनाये जा सकते हैं , आइये आज हम ये दाल के मिनी समोसे  (Moong Dal Mini Samosa)  बनायें.

      आवश्यक सामग्री

      Ingredients of Mini Samosa

      समोसे का आटा लगाने के लिये

      • मैदा - 250 ग्राम (1.25 कप)
      • घी - 60  ग्राम (एक चौथाई कप)
      • नमक - स्वादानुसार (आधी छोटी चम्मच)

      पिठ्ठी बनाने के लिये

      • मूंग दाल - 100 ग्राम (आधा कप)
      • तेल - 2 टेबल स्पून
      • हींग - 1 पिंच
      • जीरा - एक चौथाई छोटी चम्मच
      • धनियां पाउडर - 1 छोटी चम्मच
      • सौंफ पाउडर - एक चम्मच
      • हरी मिर्च - 2
      • अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा
      • लाल मिर्च पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम (यदि आप चाहें)
      • गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम
      • अमचूर पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम
      • नमक - स्वादानुसार (आधा छोटी चम्मच)
      • तेल - समोसे तलने के लिये

      विधि - How to make Moong Dal Mini Samosa

      आटा लगायें

      मैदा को छान कर किसी बर्तन में निकाल लीजिये, मैदा में घी  और नमक मिलाइये, गुनगुने पानी की सहायता से कड़ा आटा गूथ लीजिये.  आटे को सैट होने के लिये आधा घंटे के लिये ढककर रख दीजिये. समोसे बनाने के लिये आटा तैयार है.

      पिठ्ठी बनायें

      मूंग की दाल हरे छिलके वाली ले लें तो ज्यादा अच्छा है.  मूंग की दाल साफ कीजिये, धोइये और 2 घंटे के लिये पानी में भिगो दीजिये, अगर छिलके वाली दाल है तो हाथ से रगड़ कर छिलका पानी में तैराकर निकाल दीजिये. दाल को चलनी में थोड़ी देर के लिये रख दीजिये ताकि इसका सारा पानी निकल जाय. धुली दाल को

      बिना पानी डाले

      और  हरी मिर्च, अदरक मिलाकर बारीक पीस लीजिये.
      कढाई में तेल डाल कर गरम कीजिये.  गरम तेल हींग, जीरा डालिये, जीरा भुनने के बाद धनियां पाउडर, सौंफ, और पिसी हुई दाल डालिये, दाल को चमचे से चलाते हुये भूनिये, लाल मिर्च, गरम मसाला, अमचूर पाउडर और नमक भी डाल दीजिये,

      दाल को ब्राउन और सूखी होने तक भूनिये

      .  समोसे में भरने के लिये पिठ्ठी तैयार है.

      समोसे बनायें:

      गुथे हुये आटे से एक नीबू के बराबर आटा निकालिये, हाथ से गोल कीजिये, दबाइये और बेलन की सहायता से करीब 4 इंच के व्यास की हल्की मोटी पूरी बेलिये.
      पूरी को 2 बराबर भागों (अर्धचन्द्राकार आकार ) में काट लीजिये.  एक हिस्सा उठाइये, दोनों कोने मिला कर कोन बनाते हुये पानी की सहायता से चिपकाइये.  इस कोन में एक या डेड़ छोटी चम्मच पिठ्ठी भरिये, पिठ्ठी भरने के बाद, पीछे के किनारे में एक प्लेट डाल दीजिये,  अब दोनों किनारों पर पानी लगाइये ओर हाथ से दबा कर अच्छी तरह चिपका दिजिये. समोसे का आकार सही होना चाहिये, समोसे को प्लेट में लगाइये और सारे समोसे इसी तरह बनाकर तैयार कर लीजिये. सारे समोसे तैयार हो गये हैं अब इनको तलना है.
      कढाई में तेल डाल कर गरम कीजिये.  गरम तेल में 10-12 समोसे डालिये और मीडियम गैस पर हल्के ब्राउन होने तक तलिये.  कढाई से समोसे निकालिये, एक प्लेट पर नैपकिन पेपर बिछाकर उस पर तले हुये समोसे रखिये.  फिर से समोसे तेल में डालिये, तलिये, इसी प्रकार सारे समोसे तल कर निकाल लीजिये.  आपके दाल के समोसे (Moong Dal Mini Samose) तैयार हो गये हैं.
      गरमा गरम समोसे हरे धनिये की चटनी और मीठी चटनी के साथ परोसिये और खाइये.  बचे हुये समोसे किसी एअर टाइट कन्टेनर में भर कर रख दीजिये. एक सप्ताह से भी अधिक दिनों तक आप ये समोसे खा सकते हैं.

      सत्तू की कचौरी -Sattu ki Kachori


      सत्तू की कचौरी (Sattu Ki Kachouri) बनाना बड़ा ही आसान है और समय भी कम ही लगता है. आजकल सत्तू लगभग सभी शहरों में किराने की दुकानों में तैयार मिल जाता है. खासियत इन सत्तू की कचौरियों (Kachori- stuffed with Sattu)  को 4-5 दिन तक रख कर खा सकते हैं.

      आवश्यक सामग्री 

      Ingredients for Sattu ki Kachori

      आटा लगाने के लिये:

      • गेहूं का आटा - 2 कप
      • तेल -4 टेबल स्पून
      • नमक - स्वादानुसार (एक छोटी चम्मच)

      पिट्ठी के लिये:

      • सत्तू - 150 ग्राम या 1 कप से थोड़ा कम )
      • घी या तेल - 3-4  टेबिल स्पून (पिठ्ठी बनाने के लिये)
      • हींग - 2 पिंच
      • जीरा - आधा छोटी चम्मच
      • धनियां पाउडर - 1 छोटी चम्मच
      • सोंफ पाउडर - 1 छोटी चम्मच
      • हरी मिर्च - 2 (बारीक कतरी हुई)
      • अदरक - एक इंच लम्बा टुकड़ा (कद्दूकस कर लीजिये)
      • लाल मिर्च -  एक चौथाई छोटी चम्मच
      • गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच
      • अमचूर पाउडर - आधा छोटी चम्मच
      • नमक - स्वानुसार ( आधा छोटी चम्मच)
      • हरा धनियां - एक टेबल स्पून (बारीक कतरा हुआ)
      • तेल - कचौरियां तलने के लिये

      विधि - How to make Sattu ki Kachori

      किसी बर्तन में आटा छान कर निकाल लीजिये, आटे में तेल और नमक डाल कर मिलाइये, ठंडे पानी की सहायता से नरम आटा गूथ लीजिये, आटे को सिर्फ इकठ्ठा होने तक गूथना है,  आटे को ढककर सैट होने के लिये 15 -20 मिनिट के लिये रख दीजिये.
      पिट्ठी बनाने के लिये, सत्तू को छान कर किसी बर्तन में निकालिये, कढ़ाई में घी या तेल डाल कर गरम कीजिये, गरम तेल में हींग और जीरा डालिये, जीरा तड़कने के बाद, हरी मिर्च और अदरक डाल दीजिये. सत्तू, धनियां पाउडर और सोंफ पाउडर डाल कर, चमचे से चलाते हुये ब्राउन होने तक  भूनिये (सत्तू बहुत जल्दी भुन जाता है क्यों कि यह पहले से रोस्ट किया होता है). इस भुने हुये सत्तू में लाल मिर्च, गरम मसाला, अमचूर पाउडर, नमक और हरा धनियां डाल कर मिलाइये. कचौरी में पिट्ठी भरने के लिये तैयार है.
      कढ़ाई में तेल डाल कर गरम कीजिये, कचौरी के आटे से एक नीबू के बराबर आटा तोड़िये, अंगुलियों की सहायता से बड़ाइये, एक छोटी चम्मच पिट्ठी उसके ऊपर रखिये, आटे को चारों तरफ से उठा कर कचौरी को बन्द कीजिये, हथेली पर रख कर दूसरे हाथ की सहायता से थोड़ा सा दबा कर बड़ा कर लीजिये, और अब इसे चकले पर रख कर, बेलन की सहायता से हल्का दबाब डालते हुये, 2 1/2 - 3 इंच के ब्यास में मोटा ही  बेल लीजिये. चार - पांच कचौरी बेलिये, गरम तेल में डालिये और मीडियम एवं धीमी गैस फ्लेम पर, पलट पलट कर कचौरिया ब्राउन होने तक तलिये.  सारी कचौरी इसी तरह बनाकर तैयार लीजिये.
      सत्तू की कचौरी तैयार है.  गरमा गरम सत्तू की कचौरियां, धनिये की चटनी के साथ परोसिये और खाइये.

      मटर की कचौरी - Matar Kachori Recipe


      आवश्यक सामग्री 

      Ingredients for Matar Kachori

      कचौरी का आटा गूथने के लिये.
      • गेहूं का आटा या मैदा - 200 ग्राम ( 2 कप )
      • नमक - स्वादानुसार ( आधा छोटी चम्मच )
      • तेल - 2 टेबल स्पून

      विधि - How to make Matar Kachori

      आटे को किसी बर्तन में निकाल कर, नमक और तेल डाल कर अच्छी तरह मिला लीजिये.  आधा कप पानी की सहायता से आटे को नरम गूथ लीजिये(कचौरी के आटे को ज्यादा मसले नहीं, आटा गूथे, आटा जैसे ही मिल कर एक बन जाय, तुरन्त ढक कर रख दीजिये). गूथे हुये आटे को सैट होने के लिये 20 मिनिट रख दें.
      तब तक कचौरी में भरने के लिये मटर की पिठ्ठी तैयार कर लेते हैं.

      आवश्यक सामग्री

      • हरी मटर - एक कप छिली हुई या( सफल फ्रोजन मटर ).
      • तेल -  2 टेबल स्पून ( पिठ्ठी भूनने के लिये )
      • हींग - 1-2 पिंच
      • जीरा - आधा छोटी चम्मच
      • धनियां पाउडर - 1 छोटी चम्मच
      • सोंफ पाउडर - 1 छोटी चम्मच
      • लाल मिर्च - एक चौथाई छोटी चम्मच
      • गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच
      • अमचूर पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच
      • हरी मिर्च - 1-2 ( बारीक कटी हुई )
      • अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा ( कद्दू कस कर लें )
      • हरा धनियां  -1 टेबल स्पून ( बारीक कटा हुआ )
      • नमक - स्वादानुसार ( आधा छोटी चम्मच )
      • तेल - कचौरियां तलने के लिये

      विधि

      मटर के दानों को मिक्सी से दरदरा पीस लीजिये.
      कढ़ाई में तेल डाल कर गरम कीजिये. गरम तेल में हींग और जीरा डाल दें. जीरा ब्राउन होने के बाद धनियां पाउडर, सोंफ पाउडर, हरी मिर्च, अदरक, मसाले को थोड़ा सा भूनिये और पिसे हुये मटर डाल दीजिये, लाल मिर्च, गरम मसाला, अमचूर पाउडर, हरा धनियां और नमक डाल कर मटर को 3-4 मिनिट तक भूनें. कचौरियों में भरने के लिये पिठ्ठी तैयार है.
      कचौरी का आटा और पिठ्ठी तैयार है, अब कढ़ाई में कचौरियां तलने के लिये तेल डाल कर गरम करें. आटे से थोड़ा सा आटा ( एक छोटे नीबू के बराबर ) तोड़कार गोल करें अब इसे 1 1/2 या 2 सेमी. व्यास में बेल कर एक छोटी चम्मच पिठ्ठी भर कर रखें और उंगलियों की सहायता से कचौरी को बन्द करें. अब इस पिठ्ठी भरे गोले को हथेली से दबा कर चपटा करके थोड़ा सा बड़ा लें इससे मटर की पिठ्ठी एक सार हो जाती है. ( अगर हम सीधे बेलन से दबा कर बेलेंगे तो कचौरियां फटने का डर है ). अब इसे बेलन से 2 1/2 या 3 इंच के व्यास में बेल लें. इसी तरह सारे आटे की कचौरी बेल कर तैयार करनी हैं. और ये बेली हुई 3-4 कचौरियों को गरम तेल में डाल कर, धीमी आग पर पलट पलट कर कचौरियां ब्राउन होने तक तलिये. तली कचौरियां किसी प्लेट में नेपकिन पेपर बिछा कर निकाल लीजिये और दूसरी कचौरियां तलने के लिये कढ़ाई में डालिये. इसी तरह सारी कचौरियां तल कर तैयार कर लीजिये.
      मटर की कचौरियां तैयार हैं. गरमा गरम कचौरियां, आलू की मसाले वाली सब्जी या हरे धनिये की चटनी के साथ परोसिये और खाइये.

      आलू समोसा – Samosa Recipe


      समोसे (Samosa) उत्तर भारत का व्यंजन है . आप इसे अक्सर बाजार से लाकर खाते रहते होंगे. इसे घर में बनाना बहुत आसान है. आईये आज घर में समोसे बनाते हैं.
      आवश्यक सामग्री - Ingredients for Samosa Recipe

      समोसे के लिये आटा लगाने के लिये.
      मैदा - 250 ग्राम (2 1/2 कप)
      घी -  60 ग्राम ( 1/4 कप से थोड़ा सा अधिक)
      नमक   - स्वादानुसार (आधा छोटी चम्मच)
      समोसे में भरने के लिये पिठ्ठी बनाने के लिये.
      आलू   - 400 ग्राम ( 3-4)
      हरे मटर के दाने  - आधा कप (यदि आप चाहें तो)
      काजू  - 12-15 (यदि आप चाहें)
      किसमिस  - 25 -30 (यदि आप चाहें तो)
      हरी मिर्च  - 2-3 बारीक कतर लीजिये
      अदरक - 2 इंच लम्बा टुकड़ा (कद्दूकस कर लीजिये)
      हरा धनियां - एक टेबिल स्पून (बारीक कतरा हुआ)
      धनियाँ पाउडर - 2 छोटी चम्मच
      गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच
      अमचूर पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच
      नमक  - स्वादानुसार
      तलने के लिये - तेल

      विधि - How to make Samosa Recipe

      सबसे पहले आलू को उबलने रख दीजिये. मैदा में तेल और नमक डालिये उन्हैं अच्छी तरह मिला लीजिये, गुनगुने पानी की सहायता से गूथिंये थोड़ा सख्त आटा गूदना है. आटे को सैट होने के लिये 15 - 20 मिनिट के लिये रख दीजिये.
      समोसे में भरने के लिये पिट्ठी तैयार करें.

      उबाले हुये आलुओं को छील लीजिये, और हाथ से बारीक तोड़ लीजिये. आलू में, मटर, नमक, हरी मिर्च, हरा धनियां, अदरक, धनियां पाउडर, गरम मसाला, अमचूर पाउडर, किशमिश और काजू डालिये और अच्छी तरह मिलने तक मिला दीजिये.
      पिठ्ठी को भून कर बनाया जा सकता है: एक कढ़ाई में एक टेबिल स्पून तेल डालकर गरम करें, उसमें धनियाँ पाउडर, हरी मिर्च, अदरक डाल कर भूनें और आलू और मटर डाल दें,  इसके बाद उसमें गरम मसाला , नमक  और अमचूर पाउडर डाल दें , कलछी से चलाये और भूनें मसाला अच्छी तरह मिल जाय गैस बन्द कर दें और आलू नीचे उतार लें, ठंडा करें ओर काजू किसमिस मिला दें. यह पिट्ठी समोसों में भरने के लिये तैयार है.
      अब जो गुंथा हुआ मैदा है उसके दस बराबर के आकार के गोले बना लें. एक गोला लेकर बेलन से करीब 8 - 10 इंच के व्यास का बेल लें .  बेली हुई पूरी थोड़ी मोटी ही रहनी चाहिये.
      इस बेले गये पूरी को दो बराबर के भागों में चाकू की सहायता से काट लीजिये. एक भाग को तिकोन बनाते हुये मोड़ें (तिकोन बनाते समय दोनों सिरे पानी से अवश्य चिपकाइये)
      तिकोन में आलू की पिट्ठी भरिये. पिठ्ठी भरने के बाद, पीछे के किनारे में एक प्लेट डाल दीजिये, ऊपर के दोनों किनारों को पानी की सहायता से चुपका दीजिये.  देखिये समोसे का आकार सही है.  इसी तरह से सारे समोसे तैयार कर लीजिये.
      इन्हैं तलने के लिये कढ़ाई गैस पर रखें और उसमें तेल भरकर गरम करें.  गरम तेल में चार समोसे डाले और ब्राउन होने तक तलें (समोसे तलते समय गैस फ्लेम मीडियम ही रहे). कढ़ाई से समोसे निकाल कर, एक प्लेट पर नैपकिन पेपर बिछाकर रख लीजिये. सभी समोसों को इसी तरह तल कर निकाल लीजिये. गरमा गरम समोसे (Samosa) तैयार हैं.
      हरे धनिये की चटनी और मीठी चटनी  के साथ परोसिये और खाइये.

      खस्ता कचौड़ियां – Khasta Kachodi Recipe


      आवश्यक सामग्री 

      Ingredietns for Khasta Kachori Recipe

      आटा लगाने के लिये
      • मैदा -     400 ग्राम
      • रिफाइन्ड तेल    -  100 ग्राम
      • नमक - स्वादानुसार (आधा छोटी चम्मच से थोड़ा अधिक)
      पिठ्ठी बनाने के लिये
      • धुली उरद दाल  —  70 ग्राम्
      • हींग - 1-2 पिंच
      • जीरा      _   एक चौथाई छोटी चम्मच
      • धनियाँ पाउडर  _  एक छोटी चम्मच
      • सोंफ पाउडर   _    एक छोटी चम्मच
      • गरम मसाला —    आधा छोटी चम्मच
      • हरी मिर्च      —     2 बारीक कटी हुई
      • अदरक    —     एक इंच लम्बा टुकडा़ बारीक कटा हुआ
      • हरा धनियाँ   —   2 टेबल स्पून, बारीक कटा हुआ
      • नमक    —     स्वादानुसार (आधा छोटी चम्मच)
      • तलने के लिये तेल

      विधि - How to make Khasta Kachori

      सबसे पहले दाल को 3-4 घंटे पहले पानी में भिगो दीजिये.
      मैदा में तेल और नमक डाल कर मिला दीजिये, पानी की सहायता से मैदा को, परांठे के लिये गूंथे गये नरम आटे की तरह नरम गूंथ लीजिये, गुंथे हुये आटे को 20 मिनिट के लिये ढककर सैट होने के लिये रख दीजिये.
      दाल की पिठ्ठी : भीगी हुई दाल को मिक्सी में मोटा मोटा पीस लीजिये.  कढ़ाई में 2 -3 टेबल स्पून तेल डालिये जब तेल गरम हो जाय तो उसमें जीरा, हींग, धनियाँ पाउडर, सौंफ पाउडर, हरी मिर्च ओर अदरक डाल दीजिये,  मसाले को भूनिये.  मसाला को हल्का सा भुनने के बाद, पिसी हुई दाल डाल कर मसाले में मिलाइये  ओर दाल को चमचे से चलाते हुये भूनिये, जब दाल ब्राउन हो जाय, तब हरा धनियाँ और गरम मसाला मिला कर 2 मिनिट और भून लीजिये. कचौड़ियों में भरने के लिये दाल की पिठ्ठी तैयार है.
      कचौड़ियाँ तलने के लिये कढ़ाई में तेल  डाल कर गैस पर रख दीजिये.  गुंथे हुये मैदे के बराबर के 20 गोले बना लीजिये. एक गोले को चकले पर बेलन की सहायता से थोड़ा सा बेलें और उसमें एक छोटी चम्मच भर के दाल रख दीजिये. चारों ओर से आटा उठायें और दाल को बन्द कर दीजिये,  दाल भरे गोले को हथेली से दबाकर चपटा करें और फिर बेलन की सहायता से कम ताकत लगाकर उसे 3-4 इंच के व्यास में बेल लीजिये, वह फटनी नहीं चाहिये, कचौड़ी थोड़ी मोटी ही रखनी है.  बेली गई कचौड़ी गरम तेल में डालें और पलट पलट कर दोंनो ओर ब्राउन होने तक धीमी और मीडियम गैस पर कुरकुरी तलें, तली हुई कचौड़िया कढ़ाई से निकालिये और प्लेट मे नैपकिन के ऊपर रखिये. एक साथ तीन या चार कचौड़ियाँ एक बार में तली जा सकती हैं.  सारी कचौड़ियाँ बनाकर तलकर तैयार कर लीजिये. (साथ के फोटो में पिठ्ठी भरी लोही, हाथ से दबायी लोही एवं बेली हुई लोही)
      ये गोल गोल खस्ता कचौड़ियाँ हरे धनिये की चटनी और आलू मसाला सब्जी के साथ परोसिये और खाइये.

      हरे धनिये की चटनी कैसे बनायें (Hara Dhaniya Chatni).

      • हरा धनियाँ  - 200 ग्राम
      • हींग - 1-2 पिंच
      • हरी मिर्च  - 4
      • कच्चे आम की खटाई कटी हई - 50 ग्राम (आधा कप),   या एक बड़ा नीबू का रस
      • नमक  - स्वादानुसार ( 3/4 छोटी चम्मच)
      धनिये को साफ करके अच्छी तरह धो लीजिये और मोटा मोटा काट लीजिये , हरी मिर्च के डंठल तोड़ लीजिये,  मिक्सी के जार में डालिये ,हरी मिर्च, हींग,  खटाई या नीबू का रस मिला दीजिये और नमक डाल दीजिये.  सभी को बारीक पीस लीजिये.  काँच के प्याले में निकाल लीजिये. चटनी तैयार है.

      आलू की कचौड़ी – Aloo Kachori Recipe


      आफिस की छुट्टी या बच्चों के स्कूल की छुट्टी हो, सुबह के नाश्ते में कुछ अलग होना ही चाहिये. तो क्यों न छुट्टी के दिन हम आलू की कचौड़ी बनायें, क्या ख्याल है आपका?
      आलू की कचौड़ियां (Aloo Kachori) खाने में जितनी अधिक स्वादिष्ट होती हैं, बनाने में उतनी ही आसान हैं.  अगर आप पिकनिक पर जा रहे हैं, तो भी इन्हैं बनाकर ले जाइये, ये (Alu Kachori) वहां भी आपको बहुत अच्छी लगेगी.  तो आइये आलू की कचौड़ी बनाना शुरू करें.

      आवश्यक सामग्री - Ingerdients for Aloo Kachori

      • कचौड़ी के लिये आटा तैयार करने के लिये:
      • मैदा या आटा - 300 ग्राम (तीन छोटी कटोरी)
      • सूजी (रवा) -  100 ग्राम (एक छोटी कटोरी)
      • नमक - स्वादानुसार( आधी छोटी चम्मच )
      • खाना सोडा -  एक चौथाई छोटी चम्मच
      • तेल - 2 टेबिल स्पून

      कचौड़ी के अन्दर आलू भरने के लिये :

      • आलू - 300 ग्राम (5-6)
      • तेल - एक टेबिल स्पून
      • जीरा - आधा छोटी चम्मच
      • धनियां पाउडर - 1 1/2 छोटी चम्मच
      • हरी मिर्च - 2 (बारीक कतर लीजिये)
      • अदरक - 1 1/2 इंच लम्बा टुकड़ा(कद्दूकस करलीजिये)
      • अमचूर पाउडर - आधा छोटी चम्मच
      • गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच
      • नमक - आधा छोटी चम्मच
      • तेल - कचौड़ीयां तलने के लिये

      विधि - How to make Aloo Kachori

      सबसे पहले आलू को कुकर में उबालने के लिये रख दीजिये.  जब तक आलू उबलेंगे तब तक हम कचौड़ी का आटा लगा लेते हैं.
      मैदा और सूजी को किसी बर्तन में छान लीजिये, नमक और बेकिंग पाउडर डालिये,  तेल भी  डाल दीजिये और हाथ से इन सभी को अच्छी तरह मिला लीजिये.
      गुनगुने पानी की सहायता से नरम आटा (जैसा चपाती बनाने के लिये गूथा जाता है) गूथिये.  आटे को ढककर आधा घंटे के लिये रख दीजिये.
      कुकर से आलू निकाल कर छील लीजिये.  आलू को बारीक तोड़ लिजिये, एक छोटी कढ़ाई में तेल डालकर गरम कीजिये.  गरम तेल में जीरा डालिये, जीरा भुनने के बाद, धनियां पाउडर, हरी मिर्च, अदरक, आलू, नमक डाल कर आलू को चमचे से चलाते हुये 2-3 मिनिट तक भून लीजिये.
      गुथे हुये आटे से थोड़ा सा आटा (1 नीबू के बराबर) तोड़िये.  आटे को हथेली पर रखकर, उंगलियों की सहायता से बड़ाइये, उसमें थोड़ी गहराई बनाइये, और एक या डेड़ छोटी चम्मच आलू का मिश्रण उस पर रखिये, उंगलियों की सहायता से चारों तरफ से आटे को उठाकर मिलाइये, दबाकर बन्द कर दीजिये.  बन्द कचौड़ी को हथेली पर रखिये, और दूसरी हथेली की सहायता से दबाकर चपटा कीजिये, चकले पर रखकर कम दबाब देते हुये, बड़ा लीजिये.  सारी कचौडियां इसी तरह तैयार करनी है.
      अब कचौड़ी तलने के लिये, कढाई में तेल डालकर गरम कीजिये. गरम तेल में कचौड़िया डाल कर, मीडियम आग पर,  दोंनो तरफ ब्राउन होने तक तलिये.
      प्लेट या डलिया में नैपकिन पेपर बिछाइये.  कचौड़ियां निकाल कर इस प्लेट में रखिये. सारी कचौड़ियां इसी तरह सेक कर तैयार कर लीजिये.  गरमा गरम कचौड़ियां हरी और मीठी चटनी के साथ खाइये.

      चार लोगों के लिये
      समय - 50 मिनिट

      दाल पकवान – Dal Pakwan Recipe – Sindhi Dal Pakwan


      दाल पकवान (Dal Pakwan) की दाल चने की दाल से बनाई जाती है, और पकवान मैदा की करारी पूरी की तरह होते है. दाल पकवान (Dal Pakwan) आप किसी भी छुट्टी के दिन सुबह के नाश्ते में बनाइये सभी को बहुत पसन्द आयेंगे,
      दाल पकवान हमने पहली बार अपने भोपाल प्रवास के दौरान सिन्धी परिचित परिवार में खाये थे.  उस दौरान हमारे घर में दाल पकवान ही नहीं मूंगफली की पट्टी, चने की दाल की पट्टी बनने लगे थे. दाल पकवान बनाना बड़ा आसान है, इसको बनाने में समय भी कम ही लगता है. आइये दाल पकवान बनायें.

      आवश्यक सामग्री -

      Ingredients for Sindhi Dal Pakwan Recipe

      पकवान बनाने के लिये आटा लगाने के लिये

      • मैदा - 200 ग्राम (2 कप)
      • तेल - 50 ग्राम (1/4 कप )
      • नमक - 3/4 छोटी चम्मच
      • जीरा या अजवायन - 1/4 छोटी चम्मच
      • तेल - तलने के लिये

      दाल बनाने के लिये

      • चने की दाल - 200 ग्राम ( 1 कप )
      • तेल या घी - 2 - 4 टेबल स्पून
      • टमाटर - 2 - 3 मीडियम आकार के
      • हरी मिर्च - 1-2
      • अदरक - 1- 2 इंच लम्बा टुकड़ा
      • हींग - 2 पिंच
      • जीरा - आधा छोटी चम्मच
      • हल्दी पाउदर - आधा छोटी चम्मच
      • धनियां पाउडर - 1 1/2 छोटी चम्मच
      • लाल मिर्च - एक चौथाई छोटी चम्मच
      • नमक - स्वादानुसार या एक छोटी चम्मच
      • गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच
      • हरा धनियां - एक टेबल स्पून (बारीक कतरा हुआ)

      विधि - How to make Sindhi Dal Pakwan

      दाल बना लीजिये

      चने की दाल साफ कीजिये, धोइये और 2 घंटे के लिये पानी में भिगा दीजिये.
      कुकर में भिगी हुई दाल, 1 1/2 - 2 कप पानी, आधा नमक और आधी हल्दी पाउडर डालिये, कुकर बन्द कीजिये और एक सीटी आने के बाद 3-4 मिनिट तक दाल को पकने दीजिये, गैस फ्लेम बन्द कर दीजिये. कुकर खुलने तक दाल के लिये मसाला तैयार कर लीजिये.
      टमाटर धोइये बड़ा बड़ा काट लीजिये, हरी मिर्च धोइये, डंठल तोड़िये, अदरक छीलिये और धो लीजिये.  टमाटर, हरी मिर्च और आधा अदरक पीस लीजिये, बचे हुये अदरक को पतला पतला काट लीजिये.
      कढ़ाई में घी डाल कर गरम कीजिये, हींग और जीरा डालकर तड़काइये, क्रमश: हल्दी पाउडर, धनियां पाउडर, टमाटर, मिर्च का पेस्ट और कटे हुये अदरक डालिये, मसाले को तब तक भूनिये जब तक कि वह दानेदार न हो जाय या मसाले के ऊपर तेल तैरने लगे.
      कुकर खोलिये, भुने मसाले में दाल मिला दीजिये, अगर आवश्यकता हो तो पानी और लाल मिर्च डाल कर मिलाइये, दाल को 2 मिनिट ढककर, धीमी आग पर पकाइये, उबाल आने पर देखिये दाल एक सार हो गई है  फ्लेम बन्द कर दीजिये दाल में गरम मसाला और हरा धनियां मिला दीजिये.  दाल तैयार हो गई है, और अब पकवान तैयार कर लेते हैं

      पकवान बनाइये

      मैदा को किसी बर्तन में छान कर निकालिये, मैदा में तेल, जीरा और नमक डाल कर हाथ से अच्छी तरह मिला लीजिये, पानी से पूरी के आटे से थोड़ा सा सख्त आटा गूथिये ( आटा ज्यादा सख्त और ज्यादा नरम नहीं होना चाहिये). गुथे हुये आटे को आधा घंटे के लिये ढककर रख दीजिये.
      आटे को तोड़कर छोटी छोटी लोइयां बना लीजिये.   एक लोई उठाइये, गोल 6 - 7 इंच के आकार में पूरी बेलिये, चाकू से इस पूरी में 8 -10 जगह दबा कर निशान डाल दीजिये ताकि यह पूरी फूले नही और खस्ता भी बने.
      कढ़ाई में तेल डाल कर गरम कीजिये, पूरी गरम तेल में डालिये और मीडियम आग पर हल्का ब्राउन खस्ता होने तक तलिये, एक एक करके सारी पूरी तल कर निकालिये और किसी प्लेट में नैपकिन पेपर बिछा कर रखिये,  लीजिये ये पकवान तैयार हैं, गरमा गरमा दाल और ये खस्ता पकवान परोसिये और खाइये.
      दाल को और अधिक स्वादिष्ट बनाने के लिये, दाल में चाट मसाला और हरा धनियां डाल कर पकवान के साथ परोसिये.

      पनीर गुझिया – Paneer Karanji Recipe


      आवश्यक सामग्री -

      Ingredients for Paneer Karanji

      आटा लगाने के लिये
      • मैदा - 200 ग्राम (1 कप)
      • घी - 50 ग्राम ( एक चौथाई कप)
      • नमक - स्वादानुसार (1/3 छोटी चम्मच)
      • घी या तेल - तलने के लिये
      पनीर की पिठ्ठी बनाइये - Pitthi for Paneer Karanji
      • पनीर - 100 ग्राम (आधा कप कद्दूकस किया हुआ)
      • घी - 1 छोटी चम्मच
      • जीरा - एक चौथाई छोटी चम्मच
      • अदरक - आधा इंच लम्बा टुकड़ा कद्दूकस कर लीजिये या आधा छोटी चम्मच पेस्ट
      • हरी मटर के दाने - 2 टेबल स्पून
      • नमक - स्वादानुसार (एक चौथाई छोटी चम्मच से कम)
      • काली मिर्च - 2-3 पिंच
      • काजू - 10-12 (एक काजू के 5-6 टुकड़े करते हुये काट लीजिये)
      • हरा धनियां - 1 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)

      विधि - How to make Paneer karanji

      मैदा किसी बर्तन में छान कर निकाल लीजिये, मैदा में घी और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लीजिये, पानी या दूध की सहायत से सख्त पूरी के आटे से भी थोड़ा सख्त आटा गूथिये. आटे को सैट होने के लिये 20 मिनिट के लिये ढककर रख दीजिये. पनीर करंजी के लिये आटा तैयार है.
      पिठ्ठी बनाइये:
      कढ़ाई में 1 छोटी चम्मच घी डालकर गरम कीजिये, जीरा डालिये, जीरा हल्का सा भुनने पर, मटर के दाने डालिये, 1-2 मिनिट तक भूनिये. मटर के दाने भुनने के बाद, अदरक, पनीर, नमक, काली मिर्च, काजू के टुकड़े और हरा धनियां डालिये, सारी चीजों को अच्छी तरह मिलाइये. करंजी के लिये पनीर की पिठ्ठी तैयार है.

      पनीर की पिठ्ठी को 20 भागों में बांट लीजिये.
      पनीर करंजी बेल कर तैयार कीजिये
      गूंथे गये आटे से 20 लोई तोड़ कर गोल करके पेड़े बना लीजिये. एक लोई को चकले पर रखिये, बेलन से 4 इंच के व्यास में पतला बेल लीजिये. बेली गई पूरी के ऊपर पिठ्ठी का एक भाग रखें और किनारों पर उंगली से पानी लगायें, पूरी को गुझिया के आकार में मोड़ कर किनारों को उंगलियों से दबा दीजिये, करंजी को उठाकर प्लेट में लगाइये, सारी लोई से सारी पनीर करंजी इसी तरह तैयार करके प्लेट में लगा दीजिये.

      या करंजी के लिये बेली गई पूरी को, करंजी के सांचे में रखिये और पिठ्ठी का एक भाग पूरी के ऊपर डालिये, करंजी के किनारों पर उंगली से पानी लगाइये ताकि करंजी के किनारे अच्छी तरह चिपक जायं और करंजी तलते समय खुले नहीं. सांचे से मोड़ कर, करंजी को काटिये और प्लेट में लगाकर रख लीजिये.
      सारी लोई से एक एक करके, बेल कर और सांचे पर रखकर, पिठ्ठी भरकर इसी तरह सारी करंजी तैयार करके, प्लेट में लगा कर रख लीजिये. अब हमें इन करंजी को तलना है.
      करंजी तलिये:
      कढाई में तेल डालकर गरम कीजिये, गरम तेल में 3-4 करंजी डालिये, मध्यम और धीमी आग पर करंजी को पलट पलट कर, हल्का ब्राउन होने तक तल कर, प्लेट पर बिछे नैपकिन पेपर पर निकाल लीजिये. सारी करंजी इसी तरह तल कर निकाल लीजिये.

      गरमा गरम पनीर करंजी चटनी या सास के साथ परोसिये और खाइये.
      सावधानियां:
      पनीर करंजी को तलते समय आग धीमी ही रखें, करंजी कुरकुरी और स्वादिष्ट बनेंगी. तेज आग पर तली गई पनीर करंजी, मुलायम हो जायेंगी.